car-theft-small

कल्याण : कोलसेवाड़ी पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को वारदात के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी की रात 7:30 बजे से 28 जनवरी की सुबह 8:00 बजे के बीच रीजेंसी पार्क, चक्कीनाका (कल्याण पूर्व) परिसर में खड़ी एक आई-20 कार (MH-05 CV-6410) का शीशा तोड़कर अंदर रखा काले रंग का डेल कंपनी का लैपटॉप चोरी कर लिया गया। इतना ही नहीं, आसपास खड़ी पांच अन्य कारों के भी शीशे तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद कोलसेवाडी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305 (ब) और 324 (4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से खुली गुत्थी
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण टीम के सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप भालेराव और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपी का नाम सुजल बाबासाहेब वाघचौरे (21 वर्ष) है, जो दत्तू गायकवाड़ चॉल, रूम नं. 3, गोसावीपुरा, चक्कीनाका, कल्याण पूर्व का निवासी है। पुलिस ने उसे वारदात के छह घंटे के भीतर पकड़ लिया। उसके पास से चोरी गया लगभग 18,000 मूल्य का डेल लैपटॉप बरामद किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-3, कल्याण) अतुल झेंडे और सहायक पुलिस आयुक्त (कल्याण विभाग) कल्याणजी घेटे के मार्गदर्शन में की गई। कोळसेवाडी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हेमंत गुरव और पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) गणेश न्हायदे के निर्देश पर यह ऑपरेशन चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *