ठाणे : भिवंडी कशेली बस स्टैंड परिसर में बुधवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सरेआम एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। दिनदहाड़े घटी इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है। पुलिस अज्ञात स्नैचरों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार भिवंडी के गुंदवली गांव निवासी मेथा गोविंद पाटील (46) अपने भतीजे की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए कशेली गए थे। 28 जनवरी की शाम करीब 7.15 बजे वे कशेली बस स्टैंड के सामने एक रिक्शा में बैठे हुए थे। इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक सामने से आए और बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक मेथा के गले से करीब एक तोला वजन की सोने की चेन जबरन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नारपोली पुलिस ने अज्ञात झपटमार आरोपियों के खिलाफ छीनेती का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया है।
