भिवंडी : भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका ने शहर के नवीवस्ती क्षेत्र में स्थित वेलकम होटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि होटल के बाहर फुटपाथ पर अवैध रूप से किचन बनाया गया था और वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे गए थे, जिससे आम नागरिकों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही थी। साथ ही किसी भी समय बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा था।
इस गंभीर मुद्दे को वॉर्ड क्रमांक 15 की नगरसेविका रुकसाना अरिफ तांबोली ने प्रमुखता से महासभा में उठाया। उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि फुटपाथ पर अवैध कब्जे के कारण पैदल चलने वाले नागरिकों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। नगरसेविका की शिकायत के बाद महानगरपालिका हरकत में आई और जांच के बाद वेलकम होटल को अतिक्रमण हटाने का नोटिस थमा दिया। पालिका प्रशासन ने होटल मालिक को 24 घंटे के भीतर फुटपाथ पर बनाए गए अवैध किचन और रखे गए गैस सिलेंडर हटाने का आदेश दिया है। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो महानगरपालिका स्वयं कार्रवाई करेगी। कार्रवाई के दौरान होने वाला पूरा खर्च होटल मालिक से वसूला जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने मनपा की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि फुटपाथ आम जनता के लिए होते हैं, लेकिन कई जगहों पर होटल और दुकानदारों द्वारा कब्जा कर लिया जाता है, जिससे रोजाना जाम और दुर्घटना जैसी समस्याएं पैदा होती हैं।
