नवी मुंबई : नवी मुंबई में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एपीएमसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से मेफेड्रॉन (एमडी) और हेरोइन समेत कुल 3 लाख 10 हजार 800 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले में एक अन्य महिला आरोपी फरार बताई जा रही है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार की गई महिला की पहचान सुरेखा गोपाल लांडे (36) के रूप में हुई है, जो कोपरीगांव सेक्टर-26 स्थित एकता नगर झोपड़पट्टी के पुणीत कॉर्नर इलाके में रहती है। वहीं, इस मामले में रमीजा शानसुद्दीन शेख उर्फ ‘बोंदा’ नामक महिला फरार है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, एपीएमसी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं इलाके में मादक पदार्थों की सप्लाई करने आने वाली हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त परिमंडल-1 पंकज डहाणे, सहायक पुलिस आयुक्त वाशी विभाग आदिनाथ बुधवंत, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय शिंदे तथा पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) महेश मांडवे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
