मुंबई : मुंबई महानगरपालिका ने मालाड पूर्व स्थित मालाड टेकड़ी जलाशय से आप्पा पाडा और लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स को जोड़ने के लिए 18.30 मीटर चौड़ा नई सड़क मार्ग विकसित करने का निर्णय लिया है। इस सड़क के बनने से इलाके के लोगों को नया मार्ग मिलेगा और ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मुंबई में बढ़ती यातायात समस्या को कम करने के लिए मनपा ने विकास योजना में आरक्षित भूखंडों पर नए सड़क मार्ग बनाने की योजना तैयार की है। इसी क्रम में मालाड क्षेत्र में नए सड़क मार्ग का आराखड़ा तैयार किया गया है। अगले 48 महीनों में इस सड़क को नागरिकों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित सड़क संजय गांधी नेशनल पार्क के वन क्षेत्र से होकर गुजरेगी। इससे राष्ट्रीय उद्यान की लगभग 2.74 हेक्टेयर जमीन प्रभावित होगी। साथ ही आप्पा पाडा और राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र की करीब 1,567 झोपड़ियां भी प्रभावित होंगी। इस परियोजना के लिए केंद्रीय वन्यजीव मंडल की मंजूरी जरूरी है। मनपा ने राष्ट्रीय उद्यान की जमीन के उपयोग के लिए वन विभाग से पत्राचार किया था। इसके बाद वन संरक्षक और संचालक संजय गांधी नेशनल पार्क ने वन्यजीव संरक्षण र संवर्धन के लिए 3 करोड़ 60 लाख 80 हजार रुपये शुल्क की मांग की।
मुंबई में बनेंगी 50 से अधिक नई सड़कें
बीएमसी आने वाले 10 से 15 वर्षों में मुंबई शहर और उपनगरों में 50 से अधिक नई सड़कें विकसित करने की योजना बना रही है। इन सड़कों के बनने से यात्रा तेज होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। सड़क एवं यातायात विभाग चरणबद्ध तरीके से इन परियोजनाओं को अमल में लाने की तैयारी कर रहा है।
