rt89

ठाणे : ठाणे जिला में इस बार मानसून से पहले स्कूलों की सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया गया है। जिले के सैकड़ों सरकारी स्कूलों की इमारतों की जांच की जा रही है ताकि बारिश के दिनों में बच्चों की जान किसी खतरे में न पड़े। अब तक 612 स्कूलों का निरीक्षण पूरा हो चुका है। जिन भवनों की हालत खराब मिलेगी, उन्हें तुरंत खाली कराया जाएगा। बता दें कि महाराष्ट्र प्राथमिक शिक्षा परिषद के आदेश के बाद जिला परिषद और स्थानीय निकायों के स्कूलों में संरचनात्मक ऑडिट तेज कर दिया गया है। जिले में कुल 1,327 स्कूल हैं। इनमें कक्षाएं, शौचालय, रसोईघर और मध्याह्न भोजन केंद्रों की बारीकी से जांच हो रही है।

इंजीनियर स्कूल भवनों की मजबूती, छतों की हालत, पानी के रिसाव, बिजली व्यवस्था, खिड़कियां और जल निकासी जैसी 27 महत्वपूर्ण चीजों की जांच कर रहे हैं। कई पुराने स्कूलों में दीवारों और छतों की हालत चिंता बढ़ाने वाली बताई जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जहां भी खतरा दिखाई देगा, वहां बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे भवनों पर ‘खतरनाक इमारत’ का बोर्ड लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इमारतों को गिराने की कार्रवाई भी होगी। अंबरनाथ, भिवंडी, कल्याण, मुरबाड और शाहपुर तालुका के स्कूलों में यह अभियान तेजी से चल रहा है। सबसे ज्यादा स्कूल शाहपुर और मुरबाड क्षेत्र में हैं। हालांकि यह अभियान अभी सरकारी स्कूलों तक सीमित है, लेकिन निजी स्कूलों को भी अपने भवनों की जांच कराने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *